पहाड़ी कस्बे में पुत्र जन्म की खुशी में चगेली कार्यक्रम, नाच-गाकर मनाया जश्न
चित्रकूट। जनपद चित्रकूट के पहाड़ी कस्बे में पुत्र जन्म की खुशी में बरहौव संस्कार के तहत पारंपरिक चमेली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने हर्षोल्लास के साथ खुशियां मनाईं। ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक गीतों की धुन पर महिलाएं एवं पुरुष नाचते-झूमते नजर आए।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी कस्बे के निवासी महेश के परिवार में काफी समय बाद पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई, जिसको लेकर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। पुत्र जन्म की खुशी में आयोजित चगेली कार्यक्रम में रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्थानीय परंपरा के अनुसार जब किसी परिवार में बच्चे का जन्म होता है, तो चगेली की रस्म के तहत महिलाएं गांव के मंदिर तक जाती हैं। इस दौरान पारंपरिक गीत गाए जाते हैं और नाच-गाकर खुशियां मनाई जाती हैं। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गांव एवं रिश्तेदारों के बीच भोजन का आयोजन भी किया जाता है।
इस पारंपरिक कार्यक्रम में लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और नवजात के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। पूरे आयोजन में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पहाड़ी कस्बे में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई गई यह खुशी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही।