अशोह गांव में करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, बचाने गया व्यक्ति झुलसाचित्रकूट: अशोह गांव में करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत, बचाने गया व्यक्ति झुलसा
पहाड़ी, चित्रकूट। जनपद के पहाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोह गांव में सोमवार सुबह करीब 11 बजे बिजली के करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। किशोर को बचाने पहुंचे एक व्यक्ति भी करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोह गांव निवासी लल्ला पुत्र कंचन यादव गांव में खेल रहा था। इसी दौरान वह बिजली के तार की चपेट में आकर करंट से चिपक गया। किशोर को करंट से छटपटाते देख गांव के गुलाब सिंह पुत्र देवी दयाल उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली के तार को हटाकर दोनों को बचाया। हालांकि, तब तक किशोर लल्ला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिजन किशोर और घायल गुलाब सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुलाब सिंह का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। किशोर की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है।