पहाड़ी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में भिड़ंत, बच्ची सहित तीन घायल, जिला अस्पताल रेफर
पहाड़ी पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों में भिड़ंत, बच्ची सहित तीन घायल, जिला अस्पताल रेफर
चित्रकूट। पहाड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम सड़क हादसे में बाइक सवार एक छोटी बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। घटना पहाड़ी पेट्रोल पंप के पास शाम करीब 8 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी पहुंचाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन लोग एक छोटी बच्ची के साथ बरेठी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहाड़ी पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक पर सवार बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहाड़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए सोनेपुर स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस संबंध में पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय ने बताया कि दो बाइकों की आपस में टक्कर हुई है, जिसमें एक बाइक सवार घायल हुए हैं। दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया है। उसका नाम-पता अभी अज्ञात है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।