सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित, 10-10 योजनाओं के चयन व ससमय निष्पादन के निर्देश।
आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को
समाहरणालय स्थित मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी श्री शेखर आनंद की अध्यक्षता में ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय सभी संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि जिला पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, भवन निर्माण, मनरेगा एवं विकसित भारत-जी राम जी योजना सहित सभी संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर न्यूनतम 10-10 महत्वपूर्ण योजनाओं का चयन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी चयनित योजनाओं का क्रियान्वयन पूर्ण गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही पारदर्शी निगरानी के लिए कराए गए कार्यों की वीडियो क्लिप भी अनिवार्य रूप से तैयार कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में परिसंपत्तियों का सुदृढ़ीकरण और नई संरचनाओं का निर्माण करना है। पूर्व से अवस्थित परिसंपत्तियों, विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनवाड़ी भवनों की मरम्मति, साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा पेयजल व बिजली व्यवस्था को 30 नवंबर 2026 तक क्रियाशील बनाना।
दूसरा चरण नया निर्माण आवश्यकतानुसार नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करना। ग्राम सभा से अनुमोदन चयनित 10-10 योजनाओं की प्राथमिकता सूची का अनुमोदन आगामी 17 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा में प्राप्त किया जाएगा। योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सोलहवें वित्त आयोग, राज्य वित्त आयोग, विकसित भारत-जी राम जी योजना तथा विभागीय निधि एवं केंद्र/राज्य सरकार की वर्तमान योजनाओं की राशि का उपयोग किया जाएगा।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, वरीय उपसमाहर्ता सह जिला गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी समेत जिले व प्रखंड स्तर के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।