चांदी पहाड़ पर भादो पूर्णिमा के मौके पर लगेगा भव्य मेला, बीडीओ ने किया निरीक्षण।
शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड क्षेत्र के हजरतपुर मड़रो पंचायत स्थित चांदी पहाड़ पर भादो पूर्णिमा के मौके पर लगने वाले भव्य मेले की तैयारियों को लेकर अरियरी प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज अग्रवाल ने स्थल का निरीक्षण किया।
देवन मुखिया के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने स्थानीय ग्रामीणों से मेले के आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के जिला अध्यक्ष देवन मुखिया ने मेले को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में व्यवस्था को बेहतर बनाए जाने की जरूरत है।
ग्रामीणों ने बताया कि चांदी पहाड़ पर चढ़ने और उतरने के दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मेले के दौरान भीड़ बढ़ने से परेशानी और बढ़ सकती है। इसे देखते हुए सुरक्षा एवं सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की गई। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार से पर्याप्त संख्या में पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग भी की गई, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान मेले की तैयारियों, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक पहल करने पर चर्चा की गई। मनोज अग्रवाल, देवन मुखिया, निरंजन कुशवाहा, रंजन कुशवाहा सहित अन्य लोग शामिल हुए।
#चांदी #हज़रतपुर #बिहार #शेखपुरा