बाबा राघवदास पीजी कॉलेज के 56 छात्र-छात्राओं का दल शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना, रांची-पुरी और भुवनेश्वर के स्थलों का करेगा अवलोकन
#देवरिया। बाबा राघवदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरिया के भूगोल विभाग की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक भौगोलिक भ्रमण का आयोजन किया गया। शुक्रवार को 56 सदस्यीय भ्रमण दल भारतीय रेल से देवरिया सदर रेलवे स्टेशन से रांची, पुरी और भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ।
भ्रमण दल में 9 छात्र और 47 छात्राएं शामिल हैं। दल का नेतृत्व भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. उदयभान मद्देशिया, डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव, राजनीतिक विज्ञान विभाग की डॉ. भावना सिन्हा एवं श्री जयप्रकाश कर रहे हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रताप नारायण सिंह एवं मुख्य नियंता डॉ. दिलीप कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर भ्रमण दल को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. प्रताप नारायण सिंह ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को देश की भौगोलिक एवं सांस्कृतिक विविधता के साथ ऐतिहासिक विरासत को करीब से समझने का अवसर प्रदान करता है। ऐसे भ्रमण से छात्र-छात्राएं पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि नए वातावरण, विभिन्न संस्कृतियों, ऐतिहासिक स्थलों, पारिस्थितिकी तंत्रों और कलात्मक धरोहरों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों के ज्ञान एवं दृष्टिकोण को व्यापक बनाता है। साथ ही देश की समृद्ध विरासत को जानने और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता भी विकसित होती है।
महाविद्यालय परिवार ने भ्रमण दल के सभी सदस्यों को सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
DM Deoria Deoria Post सुरेन्द्र चौरसिया ‘विधायक’
Salempur, Deoria | Oct 30, 2026