यूपी के मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलेगी कैशलेस इलाज की सुविधा, आयुष्मान पोर्टल Go-Live करने की मंजूरी
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विकसित नए पोर्टल को Go-Live करने की सहमति दे दी गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में पोर्टल संचालन को लेकर प्रशिक्षण और विस्तृत चर्चा हुई।
एक सप्ताह में पूरा करना होगा विवरण अपलोड करने का कार्य
सूचना निदेशक विशाल सिंह ने प्रदेश के सभी जिला सूचना अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर विवरण अपलोड किया जाए। साथ ही, इस संबंध में मुख्यालय को भी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई शीघ्र पूरी हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरती जाए।
आवेदन से कार्ड डाउनलोड करने तक की प्रक्रिया समझाई गई
प्रशिक्षण के दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण किया। लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन करने और कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई।
इस प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
पत्रकारों और उनके परिजनों को मिलेगा लाभ
सूचना निदेशक ने कहा कि पोर्टल को सरल और सुगम बनाया गया है, जिससे अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सके।
बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्रोत: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश
#DeoriaPost #DeoriaNews #UPNews #पत्रकार #आयुष्मानभारत #उत्तरप्रदेश