देवरिया में सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम सख्त, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के दिए निर्देश
#देवरिया। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिया कि सड़कों पर आवश्यकतानुसार साइनेज बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, जिससे वाहन चालकों को रास्ते की सही जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
डीएम ने अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जरूरी कदम उठाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संबंधित विभाग अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और आमजन का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) पंकज प्रकाश राठौर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।