रेवाड़ी अनाज मंडी में सीएम फ्लाइंग की रेड, यूरिया के स्टॉक में मिली बड़ी गड़बड़ी
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
रेवाड़ी की नई अनाज मंडी में बुधवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने खाद-बीज व्यापारियों के यहां छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया। टीम ने मंडी स्थित दुकान नंबर-47 पर कार्रवाई करते हुए स्टॉक, बिलिंग रिकॉर्ड और पीओएस मशीन की गहन जांच की।जांच के दौरान रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक और मौके पर मौजूद यूरिया के कट्टों में बड़ा अंतर सामने आया। अधिकारियों को रिकॉर्ड के मुकाबले 960 यूरिया के कट्टे अधिक मिले, जिसके बाद टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी।छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद कई किसानों ने भी गंभीर आरोप लगाए। किसानों का कहना था कि रिकॉर्ड में उनके नाम पर जितने यूरिया के कट्टे दर्ज किए गए हैं, वास्तविकता में उन्हें उससे कम खाद दी गई। किसानों ने लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।सीएम फ्लाइंग की टीम ने दुकान से डीएपी और यूरिया के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में फर्टिलाइजर कंट्रोल ऑर्डर-1985 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।फिलहाल संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अनाज मंडी के खाद-बीज व्यापारियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
Rewari, Rewari | Jun 10, 2026