200 बच्चों की आंखों और दांतों की हुई जांच, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
रोटरी क्लब बरेली फ्रेगरेंस ने राधेलाल कंठीराम सरस्वती शिशु मंदिर में लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर
#बरेली। रोटरी क्लब बरेली फ्रेगरेंस की ओर से राधेलाल कंठीराम सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 200 बच्चों की आंखों और दांतों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की गई। इस दौरान बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।
शिविर में डॉ. नितिन अस्थाना और डॉ. अक्षय गुप्ता ने बच्चों का डेंटल एवं आई चेकअप किया। जांच के दौरान आंखों अथवा दांतों से संबंधित समस्या पाए जाने पर बच्चों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। वहीं, एक बालिका को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन भी लगाई गई।
रोटरी क्लब की ओर से बच्चों को टूथब्रश, टूथपेस्ट, पुस्तकें एवं अन्य उपयोगी सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
क्लब की अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब बरेली फ्रेगरेंस समाजसेवा के साथ बच्चों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। समय पर स्वास्थ्य जांच होने से किसी भी समस्या की पहचान प्रारंभिक स्तर पर की जा सकती है और उसका उचित उपचार संभव होता है। क्लब भविष्य में भी इस तरह के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब सचिव मुक्ता अग्रवाल, पूनम योगेंद्र, निधि अग्रवाल, शुभ्रा बंसल, मनीषा मेहरा, शालू मित्तल सहित अन्य रोटेरियंस का विशेष सहयोग रहा।
विद्यालय प्रबंधक ज्ञानेंद्र गुप्ता, उप प्रबंधक नीरज अग्रवाल, प्रधानाचार्य भगवान शरण भारद्वाज, उप प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र शर्मा, पूजा सक्सेना एवं राकेश सक्सेना का भी सक्रिय सहयोग प्राप्त हुआ।
अवधेश शर्मा की रिपोर्ट
Bareilly news Live
#viralpost
Bareilly, Bareilly | Aug 31, 2026