फीस वृद्धि के खिलाफ छात्र सभा के हस्ताक्षर अभियान में पहुंचे सांसद नीरज मौर्य
बरेली। समाजवादी छात्र सभा द्वारा फीस वृद्धि समेत विभिन्न छात्रहित के मुद्दों को लेकर चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान में आंवला सांसद नीरज मौर्य शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर अभियान में अपना हस्ताक्षर किया।
सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि छात्रों की फीस में वृद्धि करना पूरी तरह गलत है। फीस बढ़ने से छात्रों की पढ़ाई पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ेगा और आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के सामने शिक्षा जारी रखने की चुनौती खड़ी होगी।
उन्होंने कहा कि छात्रों की अन्य मांगों को लेकर भी वह समाजवादी छात्र सभा के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते हैं। सांसद ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐतिहासिक बरेली कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के लिए यथासंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान छात्र सभा के पदाधिकारियों एवं छात्रों ने सांसद का आभार जताते हुए छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
Bareilly news Live