बरसात में दलदल बनी रहपुरा जागीर की सड़क, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई मरम्मत की गुहार
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक के ग्राम पंचायत रहपुरा जागीर में सड़क की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान हैं। बरसात के बाद सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और जलभराव होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश होने के बाद स्थिति और खराब हो जाती है। सड़क पर कीचड़ व पानी भर जाने से फिसलने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए गांव से बाहर जाने में भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की स्थिति के अनुसार मिट्टी-खड़ंजा या सीसी रोड का निर्माण कराया जाए अथवा आवश्यक मरम्मत कराई जाए, जिससे आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सके।
प्रार्थना पत्र पर राजाराम, राजवीर, सौरभ, सेवाराम, प्रसाद, रामपाल, राधेश्याम, पिंटू, रामगोपाल, सेल्मन, कुंवर सेन, उमेश, गंगाचरण, हरिओम, भगवान सरन, हरीश, चंद्रपाल, राजेंद्र कुमार, तारा देवी समेत कई ग्रामीणों के नाम दर्ज हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित में समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
#Bareilly #news #live