निर्जला एकादशी पर कोटड़ी श्याम में उमड़ा आस्था का सैलाब, पंचम नौका विहार महोत्सव में भक्तिभाव से झूमे श्रद्धालु
भीलवाड़ा( महेन्द्र नागौरी) मेवाड़ के सुप्रसिद्ध प्रभु श्री चारभुजानाथ (कोटड़ी श्याम) के दरबार में निर्जला एकादशी पर आयोजित पंचम भव्य नौका विहार महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दर्शन के लिए उमड़ पड़ीं और पूरा मंदिर परिसर "जय श्री चारभुजानाथ" के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर ट्रस्ट के अनुसार प्रातः 5:15 बजे इत्र से अभिषेक कर ठाकुरजी का मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके बाद सुसज्जित नौका में विराजमान प्रभु श्री चारभुजानाथ ने पवित्र कुंड में भक्तों के बीच पूरे दिन नौका विहार किया। इस दिव्य झांकी के दर्शन के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूर-दराज़ से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
दोपहर 12:15 बजे मठरी तथा सायं 4:15 बजे केसर आम का विशेष भोग अर्पित कर प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने जल से भरी मटकियां, मौसमी फल, रसीले आम, मेवा, मिश्री, पंखे और वस्त्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र में अच्छी वर्षा की कामना की। अनेक श्रद्धालुओं ने निर्जला एकादशी का व्रत रखते हुए जरूरतमंदों को शीतल जल और फल वितरित कर सेवा का संदेश दिया।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी और शिकंजी की छबीलें लगाई गईं। शाम 7:15 बजे हुई भव्य महाआरती में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु श्री चारभुजानाथ से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्ति, सेवा और आस्था के अनुपम संगम का साक्षी बना।