शटरिंग करवाके भूल गया प्रशासन, "गीता द्वार" का सौंदर्यकरण का कार्य अधर में लटका, वाहन चालक हो रहे परेशान
कुरूक्षेत्र, 29 जून/डॉ. राजेश वधवा/कुरुक्षेत्र खबरनामा
जी हां, जिला प्रशासन शायद गीता द्वार के चारों ओर की शटरिंग करवाके भूल गया है। क्योंकि जिस प्रकार 2 दिन पहले शुक्रवार को युद्धस्तर पर इस गीता द्वार के सौंदर्यकरण कार्य की शुरुआत की गई थी, वो काम अब बंद पड़ा है। अब हालात यह हैं कि गीता द्वार के चारों ओर की गई इस शटरिंग के कारण वाहनों के लिए सड़क संकीर्ण हो गई है। यानी जितनी चौड़ी सड़क पहले नज़र आती थी अब पहले से कम चौड़ी रह गई है, जिसके चलते दोनों ओर से आने जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के गीता द्वार के सौंदर्यकरण का कार्य शुक्रवार को युद्धस्तर पर शुरू किया गया था। बाकायदा संबंधित विभाग द्वारा "गीता द्वार" के दोनों ओर शटरिंग करने का काम शुरू किया गया। ट्रैफिक पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने हेतु गीता द्वार के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाकर यातायात को डायवर्ट किया गया।
जानकारी ये दी गई कि गीता द्वार का नवीनीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है।
कार्य शुरू तो हुआ, पर एक दिन के लिए। ऐसे में अब लोगों को इंतजार है इस रुके हुए कार्य के दोबारा शुरू होने का और जल्द पूरा होने का। ताकि इस मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो और गीता द्वार का नया रूप जल्द लोगों के सामने आए।