_पंचायतीराज आम चुनाव-2026_
चतुर्थ चरण में जिले के चार पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान के लिए दल रवाना,14 नवम्बर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा 16 नवम्बर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान होगा,456 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 93 हजार 424 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग,निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों को सजग और सक्रिय रहने के निर्देश दिए
सवाई माधोपुर, 13 नवम्बर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण के तहत जिले की सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, चौथ का बरवाड़ा एवं वजीरपुर पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार 14 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं 16 नवम्बर को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक चारों पंचायत समितियों की 117 ग्राम पंचायतों में 1219 पंच एवं 117 सरपंच पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा। शुक्रवार को महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, साहूनगर से मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण पश्चात निर्वाचन सामग्री उपलब्ध करवाकर उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
*आयोग की गाइडलाइन सफलता का आधार:* - निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने कहा कि निष्पक्षता और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना ही निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे प्रभावी आधार है। उन्होंने मतदान कार्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए सजगता एवं निष्पक्षता से मतदान सम्पन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतपेटी एवं ईवीएम पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस की मोबाइल टीम से तत्काल सम्पर्क करने को कहा।
*मतदान दलों को निष्पक्ष और टीम भावना से कार्य करने के निर्देश:-* जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने मतदान दलों को टीम भावना से कार्य करने, मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने तथा मॉक पोल, मतदान एवं मतदान समाप्ति की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्र एवं उसके 100 मीटर के दायरे में आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने तथा मतदान के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की हिदायत दी।
Bamanwas, Sawai Madhopur | Nov 13, 2026