_*पंचायतीराज आम चुनाव-2026*_
*जिले की 145 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए उत्साहपूर्वक मतदान*
*दोपहर 3 बजे तक चारों पंचायत समितियों में 57.74 प्रतिशत मतदान, बुजुर्गों, महिलाओं एवं नवमतदाताओं ने बढ़-चढ़कर निभाई भागीदारी*
*सवाई माधोपुर, 5 नवम्बर।* पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत गुरुवार को जिले की खण्डार, मलारना डूंगर, बामनवास एवं बौंली पंचायत समितियों की 145 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी रहा। इस चरण में कुल 145 सरपंच एवं 1379 वार्ड पंच पदों के लिए निर्वाचन कराया जा रहा है। पंचायत समिति खण्डार की 35 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 369 वार्ड पंच, मलारना डूंगर की 29 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 277 वार्ड पंच, बामनवास की 49 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 413 वार्ड पंच तथा बौंली की 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं 320 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ।
*अपरान्ह 3 बजे तक 57.74 प्रतिशत मतदान:-* उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि अपरान्ह 3 बजे तक चारों पंचायत समितियों में कुल 4 लाख 35 हजार 681 मतदाताओं में से 2 लाख 51 हजार 569 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार औसत मतदान प्रतिशत 57.74 रहा। पंचायत समिति खण्डार में 1,18,911 मतदाताओं में से 72,011 ने मतदान किया, जो 60.56 प्रतिशत है। पंचायत समिति मलारना डूंगर में 84,924 में से 47,638 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 56.09 प्रतिशत रहा। बामनवास पंचायत समिति में 1,32,274 में से 77,244 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 58.40 प्रतिशत है। वहीं बौंली में 99,572 में से 54,676 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 54.91 प्रतिशत रहा।
*बुजुर्गों एवं दिव्यांग मतदाताओं में दिखा उत्साह:-* मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। खिरनी, भाड़ौती ग्राम पंचायत में महिला मतदाताओं की कतारें लगीं, वहीं बौंली पंचायत समिति की बांस टोरड़ा ग्राम पंचायत के बूथ संख्या 38 पर वार्ड संख्या 5, 6 एवं 7 में महिला मतदाताओं की लंबी कतारें नजर आईं। ग्राम पंचायत गुगड़ोद के बूथ संख्या 17 पर 90 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता ने भी उत्साहपूर्वक मतदान किया। ग्राम पंचायत कोसरा के बूथ संख्या 28 पर एक 95 वर्षीय महिला मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।