*रंगोली के रंगों में सजा लोकतंत्र का संदेश, पंचायत राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान की अपील*
*सवाईमाधोपुर 2 नवम्बर।* पंचायत राज चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिलोपा में विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोली सजाकर मतदान के प्रति जागरूकता की अलख जगाई गई। रंगोली के माध्यम से ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती, मताधिकार के महत्व और शत-प्रतिशत मतदान का संदेश दिया गया।
मतदाता जागरूकता गतिविधि के तहत रंगों के सुंदर संयोजन से तैयार रंगोली में पंचायत राज चुनाव में सक्रिय जनभागीदारी और मतदान के महत्व को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण मतदाताओं को लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर बूथ लेवल अधिकारी ओमप्रकाश मीना ने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं ग्रामीण स्वशासन और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। गांव के विकास की दिशा तय करने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे पंचायत राज चुनाव में निर्भीक होकर, बिना किसी दबाव अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही सशक्त पंचायत और समृद्ध गांव की नींव रखता है। रंगोली के माध्यम से दिया गया यह संदेश ग्रामीण परिवेश में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की एक रचनात्मक पहल है। इस दौरान उप प्रधानाचार्य सरोज वर्मा, सहित स्टाफ सदस्य सीमा मीना, कल्पना बबेरवाल, पूजा शर्मा एव शिखा जैन भी उपस्थित रहे।