उद्यम संवाद में स्वरोजगार योजनाओं की दी जानकारी, युवाओं और उद्यमियों को स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने किया प्रेरित
..
कुरवाई में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने किया उद्यम संवाद का आयोजन
..
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को सामुदायिक भवन कुरवाई में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, विदिशा द्वारा उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे, कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, और श्री महाराज सिंह दांगी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, भावी उद्यमियों एवं स्वसहायता समूहों के सदस्यों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहित करना था।
स्वरोजगार योजनाओं से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान -
उद्यम संवाद में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना सहित बकरी पालन एवं पशुपालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही संत रविदास योजना, भगवान बिरसा मुंडा योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के बारे में भी उद्यमियों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि स्वरोजगार के माध्यम से किस प्रकार स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
कम ब्याज दर और अनुदान वाली योजनाओं का लाभ लें : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने उपस्थित उद्यमियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन द्वारा आमजन की दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ उन्हें स्वयं का व्यवसाय स्थापित करने के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभिन्न विभागों के माध्यम से कम ब्याज दर पर ऋण एवं अनुदान की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सकते हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें, अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार उद्यम स्थापित करने के लिए आगे आएं तथा शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।
विधायक ने उद्यमियों को योजनाओं से जुड़ने किया प्रेरित -
कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे ने उद्यमियों को शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर युवा एवं अन्य हितग्राही स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर सकते हैं तथा अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकते हैं।
समस्याओं का मौके पर किया गया निराकरण -
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों को योजनाओं की पात्रता, उपलब्ध सहायता एवं स्वरोजगार स्थापित करने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जिससे उन्हें योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
बच्चों को आंगनवाड़ी एवं स्कूल भेजने की अपील -
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने नागरिकों से छोटे बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में भेजने की अपील भी की। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ बच्चों की शिक्षा एवं समुचित विकास पर ध्यान देने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित यह उद्यम संवाद कार्यक्रम नागरिकों को स्वरोजगार के अवसरों, शासकीय योजनाओं एवं उपलब्ध सहायता से परिचित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा। #Vidisha #मुख्यमंत्री_जनविश्वास_अभियान
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026