#भरतपुर। वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने सख्ती और जागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। सोमवार को मोटर वाहन निरीक्षक देवेन्द्र सुंडा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों और बस स्टैंड क्षेत्र में 'नो पीयूसीसी-नो फ्यूल' अभियान चलाया गया। इसके तहत बस स्टैंड के पास स्थित महेश चतुर्वेदी फिलिंग स्टेशन, कुम्हेर गेट स्थित द नेशनल फ्यूल सप्लायर और निजी बस स्टैंड पर पहुंचकर पंप संचालकों तथा वाहन चालकों को वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसीसी) की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान टीम ने चालकों और परिचालकों को समझाया कि समय पर वाहनों की जांच कराना पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। साथ ही निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके (ईओएल) और अधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों से होने वाले नुकसानों से भी अवगत कराया गया। अधिकारियों ने पंप संचालकों को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और आमजन से स्वच्छ हवा के लिए जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।