सड़क नहीं बनी तो नहीं मिलेगा वोट! जलडेगा के सेमरिया में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री और विधायक के खिलाफ की नारेबाजी
जलडेगा प्रखंड के लमडेगा पंचायत अंतर्गत सेमरिया गांव में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। ग्राम सभा की बैठक के बाद ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कोलेबिरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी के खिलाफ “हाय-हाय” के नारे लगाए गए। ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में ऐलान कर दिया कि इस बार चुनाव में उनका फॉर्मूला साफ रहेगा—“रोड नहीं तो वोट नहीं।” ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से उन्हें सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के नाम पर आश्वासन दिया जाता रहा है और चुनाव के समय वोट लिया जाता है। लेकिन चुनाव के बाद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक पर भी उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने दो टूक कहा कि अब वे किसी के समझाने या नए आश्वासन के भरोसे अपना फैसला नहीं बदलेंगे। जब तक सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक वोट नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई तो वे अपनी मांग को लेकर प्रखंड कार्यालय का घेराव करने के लिए भी बाध्य होंगे। ग्रामीणों के इस आक्रोश के बाद सेमरिया में सड़क का मुद्दा अब बड़ा जनमुद्दा बनता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का साफ संदेश है कि इस बार विकास के वादे नहीं, बल्कि सड़क का काम चाहिए।
Simdega, Simdega | Sep 10, 2026