मुख्यमंत्री की समीक्षा में जहानाबाद के तीन परिवाद, समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
जहानाबाद: राज्य स्तरीय सहयोग कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सहयोग/एसएलएसपी पोर्टल पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा की। इस दौरान जहानाबाद जिले से संबंधित तीन चयनित मामलों की सुनवाई हुई। जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने मुख्यमंत्री को तीनों मामलों में अब तक हुई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी दी।
शिक्षा विभाग के मामले में स्वर्गीय प्रधानाध्यापक रमेश नंदन शर्मा के एमएसीपी वेतन अंतर की लंबित राशि 1,51,910 रुपये की स्वीकृति निर्गत कर दी गई है। सीएफएमएस के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े हबलीपुर, पंचायत सैस्ताबाद, प्रखंड मोदनगंज के गैरमजरूआ आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने के मामले में 15 सितंबर को बेदखली की तिथि निर्धारित की गई है। दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर रास्ते को ग्रामीणों के आवागमन के लिए बहाल किया जाएगा।
वहीं नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित नगर पंचायत काको के वार्ड संख्या-09 में नल-जल व्यवस्था के लिए 29,92,600 रुपये की निविदा प्रकाशित हो चुकी है। तकनीकी बिड 17 सितंबर को निर्धारित है। कार्यादेश के बाद नलकूप, मोटर पंप, पाइपलाइन और गृह संयोजन का कार्य कराया जाएगा। तब तक प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक जलापूर्ति उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी परिवादों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित अनुश्रवण करते हुए कार्रवाई का अनुपालन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा।