#सिंहस्थ_महापर्व_2028 की तैयारियां शुरू, डिंडौरी पुलिस का विशेष प्रशिक्षण अभियान प्रारंभ
#श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपदा नियंत्रण पर दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
डिंडौरी वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध सिंहस्थ महापर्व के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर डिंडौरी पुलिस ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में किया गया।
सिंहस्थ महापर्व में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को आधुनिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सहायता, आपदा प्रबंधन, संचार कौशल एवं सॉफ्ट स्किल्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष फोकस किया जाएगा।
पुलिस विभाग द्वारा यह प्रशिक्षण टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) मॉडल के तहत चरणबद्ध तरीके से आयोजित किया जाएगा, जिससे जिले के शत-प्रतिशत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा सके। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से दायित्वों के निर्वहन के लिए तैयार करना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे आयोजनों में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। बेहतर प्रशिक्षण से पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रशिक्षण की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अनुशासन, समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुवंर सिंह ओलाडी सहित जिले के अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर डिंडौरी पुलिस का यह प्रशिक्षण अभियान भविष्य की चुनौतियों से निपटने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है ।
#Simhastha2028 #DindoriPolice #UjjainSimhastha #MPPolice #PoliceTraining #PublicSafety #AshishKhare #LawAndOrder #SecurityManagement #TrafficManagement #DisasterManagement #MadhyaPradesh #DindoriNews #PositiveNews #NationalNews #PolicePreparedness #TrainingOfTrainers #SimhasthaMela #IndiaNews #ViralNews