’’बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा, विभागों को दिए आवश्यक निर्देश’’
डिंडौरी आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिले के प्रमुख बांधों की स्टोरेज क्षमता, वर्तमान जलभराव की स्थिति एवं गेट खोले जाने की स्थिति में प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की जानकारी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों को संभावित बाढ़ के कारणों का विश्लेषण कर समय रहते आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने आमजन तक समय पर सूचना पहुंचाने के लिए चेतावनी तंत्र को मजबूत बनाने, पूर्व सूचना एवं प्रचार-प्रसार व्यवस्था को प्रभावी रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में राहत सामग्री की उपलब्धता, चिकित्सा एवं पशु चिकित्सा सेवाएं, पेयजल, स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अस्थायी राहत शिविरों की स्थापना, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, आपदा नियंत्रण कक्ष की सक्रियता तथा वर्षा ऋतु के दौरान जर्जर भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बचाव एवं राहत कार्यों में उपयोग होने वाले उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी लेने के साथ जनप्रतिनिधियों एवं बचाव दलों के प्रशिक्षण पर भी विशेष बल दिया गया।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को मानसून पूर्व आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इससे संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, सयुंक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी ,तहसीलदार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
#anjupawanbhadauria #डिंडौरी #JansamparkMP