#गुना - मिलावट के विरुद्ध अभियान: मधुसूदनगढ़ में मिठाई दुकानों पर राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम की छापामार कार्रवाई
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अमित कुमार सोनी के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में मिलावट के विरुद्ध अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज मधुसूदनगढ़ में राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम मैं तहसीलदार उदय सिंह नायब तहसीलदार कमल सिंह कोली एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवीन जैन द्वारा विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक जांच एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान श्री बालाजी बीकानेर मिष्ठान भंडार, अग्रवाल कन्फेक्शनरी एवं ओम वंदना स्वीट्स का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान श्री बालाजी बीकानेर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी एवं बेसन लड्डू के सैंपल,अग्रवाल कन्फेक्शनरी से मावा लड्डू एवं मिल्क केक तथा ओम वंदना स्वीट्स से मावा बर्फी एवं पनीर के नमूने जांच हेतु लिए गए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
कलेक्टर द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा त्योहारों के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं निगरानी लगातार जारी रहेगी।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner
Guna, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026