मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय में नई सुविधाओं की सौगात, न्यायिक आवास परिसर में Gym & Sports Room का उद्घाटन
मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय में शनिवार, 26 सितंबर को कई महत्वपूर्ण गतिविधियों और नई सुविधाओं की शुरुआत का दिन रहा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने न्यायिक पदाधिकारियों के आवासीय परिसर में Gym & Sports Room का उद्घाटन किया। इस दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम राजा राम संतोष कुमार समेत अन्य न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस सुविधा का उद्देश्य न्यायिक पदाधिकारियों को आवासीय परिसर में ही व्यायाम और खेलकूद की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि तनावपूर्ण कार्यशैली के बीच स्वस्थ शरीर और प्रसन्नचित्त मन को बढ़ावा मिल सके।
वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय भवन में पैनल अधिवक्ताओं और पारा विधिक स्वयंसेवकों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देश पर अदिथी स्वयंसेवी संस्था के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में “Survivor Care & Trauma Informed Approaches in Combating Sex Trafficking” विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार तेज कुमार प्रसाद और रिसोर्स पर्सन्स ने प्रतिभागियों को विषय से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं।
इसके अलावा, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना की ओर से जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मुजफ्फरपुर को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान और विधिक सेवाओं के विस्तार के लिए नया वाहन उपलब्ध कराया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने कहा कि इससे सुदूर ग्रामीण इलाकों तक विधिक सेवा प्राधिकार की पहुंच और आसान होगी।
#TirhutNow #Muzaffarpur #DistrictLegalServicesAuthority #LegalAwareness #MuzaffarpurNews