समाहरणालय, पूर्णिया
जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-1194,
दिनांक:- 24 अगस्त 2026
==================
जिला पदाधिकारी,पूर्णिया श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० की अध्यक्षता में सोमवार को महानंदा सभागार में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती के शुभ अवसर पर जिले में दिनांक 27 अगस्त 2026 (गुरुवार) से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को सभी अनुसूचित जाति टोलों में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन निर्धारित है।
श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर के आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिविरों के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उक्त शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित किया जाएगा। जिसमें राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, औपचारिक शिक्षा के लिए विद्यालय में नामांकन, आंगनबाड़ी सेवाओं से आच्छादन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड निर्माण, कुशल युवा कार्यक्रम/कौशल विकास कार्यक्रम, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, श्रम कार्ड एवं बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में निबंधन, आयुष्मान भारत कार्ड/स्वास्थ्य कार्ड तथा स्वास्थ्य शिविर, प्रधानमंत्री आवास योजना, वासभूमि/बंदोबस्ती सहित विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी महोदय ने कहा कि अनुसूचित जाति टोलों में आयोजित होने वाले उक्त विकास शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उनके निकटतम स्थल पर उपलब्ध कराया जाएगा।
साथ ही, शिविरों में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की गहन जानकारी एवं जागरूकता संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री अंजनि कुमार, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, विभागीय जांच, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, संबंधित कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।
Purnia, Bihar | Aug 24, 2026