हरियाली माह अभियान के तहत इंजिनियरिंग कालेज में किया गया वृक्षारोपण
औरंगाबाद जिला के रफीगंज प्रखंड के कासमा स्थित मां द्रौपदी देवी सर्वांगीण विकास बालिका उच्च विद्यालय द्वारा "हरियाली माह अभियान के एक बच्चा, एक पेड़, एक जिम्मेदारी" के तहत अरथुआ इंजिनियरिंग कालेज में वृक्षारोपण किया गया।विद्यालय की ओर से 15 जुलाई से 15 अगस्त तक व्यापक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वृक्षारोपण करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रशांत मणि ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए विद्यालय परिवार की यह अच्छी पहल है। उन्होंने इस पुनीत कार्य पर विद्यालय प्रबंधन को काफी सराहा।
प्राचार्य ने कहा कि व्यापक रूप से लोगों को जागरूक किया जाए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक छात्र-छात्रा से कम से कम एक पौधा लगवाना, उसकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना तथा विद्यालय, परिवार, पंचायत और सरकारी-गैरसरकारी संस्थाओं की सहभागिता से पर्यावरण संरक्षण को जनांदोलन का रूप देना है।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट पौधा संरक्षक विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थाओं एवं अधिकारियों को सम्मानित करने की भी योजना है।इस अवसर पर विद्यालय के सुचित मिश्र, स्नेहलता, चंदन अग्रवाल, रमेश कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकों ने हिस्सा लिया।
Madanpur, Aurangabad | Aug 7, 2026