किसान को गोली मारने से सनसनी, जमीन विवाद समेत कई पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
.
#हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के धरौली झाला गांव निवासी किसान पलविंदर सिंह को रविवार रात गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घायल किसान को पहले सीएचसी कोथावां और बाद में गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार पलविंदर सिंह रविवार रात करीब आठ बजे अटवा गांव जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें गोली लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी हरियांवा तथा अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं को भी खंगाल रही है।
उधर, धरौली गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण बेनीगंज कोतवाली पहुंचे और गांव निवासी रामशंकर विश्वकर्मा को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय रामशंकर गांव की एक दुकान पर मौजूद थे और कई लोग उनके साथ बैठे हुए थे। रामशंकर की पत्नी सुशीला देवी ने भी अपने पति को बेगुनाह बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी और बाद में पुलिस पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।
मामले में एक और पहलू तब सामने आया जब जांच के दौरान पता चला कि पलविंदर सिंह घर से अटवा स्थित चक्की पर आटा लेने जाने की बात कहकर निकले थे, जबकि चक्की के रिकॉर्ड में हाल के दिनों में उनके द्वारा गेहूं पिसाने का कोई विवरण नहीं मिला। इससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों, साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा / द टेलीकास्ट न्यूज़
Hardoi, Hardoi | Jun 22, 2026