40 घंटे बाद भी गोलीकांड का खुलासा नहीं, धरौली गांव में बढ़ा आक्रोश
.
ग्रामीणों ने रामशंकर को बताया निर्दोष, रिहाई न होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी
.
#हरदोई: कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के धरौली गांव के निकट हुए संदिग्ध गोलीकांड का 40 घंटे बीत जाने के बाद भी खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए धरौली निवासी रामशंकर विश्वकर्मा को लेकर गांव में लगातार विरोध बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने रामशंकर को निर्दोष बताते हुए पुलिस पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाया है।
बताते चलें कि बीते रविवार की शाम लगभग 8 बजे धरौली गांव के निकट हरपाल सिंह झाले के पास संदिग्ध परिस्थितियों में चली गोली से 55 वर्षीय पलविंदर सिंह घायल हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों द्वारा घायल पलविंदर को तत्काल लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही हरदोई जनपद के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर जल्द खुलासे का आश्वासन दिया था। वहीं पुलिस ने मामले में पूछताछ हेतु धरौली गांव निवासी रामशंकर विश्वकर्मा को उसके घर से हिरासत में लिया। स्थानीय पुलिस का कहना है कि रामशंकर से लगातार पूछताछ की जा रही है।
इधर रामशंकर की गिरफ्तारी के बाद धरौली गांव के ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रामशंकर वर्षों पहले एक मामले में जेल गया था और करीब दो वर्ष पूर्व सजा काटकर वापस घर लौटा था। वर्तमान में वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पलविंदर सिंह ने रामशंकर के भाई फौजी से खेत का बैनामा कराया था। यह जमीन रामशंकर की गैरमौजूदगी में बेची गई थी, जिसका वह विरोध अवश्य करता था, लेकिन उसने कभी पलविंदर के साथ अभद्रता या मारपीट नहीं की। ग्रामीणों ने रामशंकर को परोपकारी और शांत स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए कहा कि उसे जानबूझकर फंसाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय रामशंकर अपने घर पर बच्चों के साथ भोजन करने जा रहा था। उसी दौरान पुलिस उसके घर पहुंची और गांव के बाहर गोली चलने की घटना की जानकारी देकर पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। तब से वह पुलिस हिरासत में है।
वहीं गांव पहुंचे “द टेलीकास्ट” की टीम को रामशंकर के घर के बाहर मौजूद दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीणों ने बताया कि गोलीकांड जैसी कोई घटना नहीं हुई और रामशंकर को फंसाने की साजिश रची जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पलविंदर द्वारा पहले भी कई बार कोतवाली बेनीगंज में शिकायतें की गई थीं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही रामशंकर को निर्दोष मानकर रिहा नहीं किया गया तो विश्वकर्मा समाज एकजुट होकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेगा।
दूसरी ओर घायल पलविंदर के परिजनों ने रामशंकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर रामशंकर पहले भी कई बार पलविंदर पर जानलेवा हमला करने का प्रयास कर चुका था, लेकिन हर बार वह बच गए। इस बार आरोपी अपने मंसूबों में सफल रहा और गोली पलविंदर के सीने में जा लगी।
घायल के पुत्र हरपाल सिंह का दावा है कि रामशंकर ने बैनामा की गई जमीन को लेकर अपने भाई फौजी को भी जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी कॉल रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पलविंदर के घर पर पुलिस का पहरा बना हुआ है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और ग्रामीण लगातार रामशंकर की रिहाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देखिए ग्राउंड जीरो से पुनीत मिश्रा #रिपोर्ट...........!!
Hardoi, Hardoi | Jun 23, 2026