सोना-चांदी लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार
हरदोई जिले में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज छह दिन के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक कार, मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलताओं में माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार, 17 जून 2026 की शाम थाना कासिमपुर क्षेत्र के हसनापुर निवासी मोहम्मद नसीम अपनी सर्राफा दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूट लिया था। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी और पुलिस के सामने जल्द खुलासे की चुनौती थी।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम की निगरानी में स्वाट, एसओजी, सर्विलांस और थाना कासिमपुर पुलिस की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।23 जून की रात निगोहिया रोड पर घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सत्यपाल मौर्य, अमित सिंह, मुजीब, अभिषेक उर्फ कल्लू और रोहित तिवारी के रूप में हुई है।
*लूटे गए आभूषणों को गलाकर बेचने की तैयारी में थे*
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि वे लूटे गए आभूषणों को गलाकर बेचने की तैयारी में थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 848 ग्राम चांदी के आभूषण, 23 ग्राम 480 मिलीग्राम सोने के आभूषण, एक मोबाइल फोन और 2500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त एक ब्रेजा कार और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। तलाशी के दौरान पांच अवैध तमंचे और 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से कार्रवाई की गई है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सत्यपाल, अभिषेक उर्फ कल्लू और मुजीब के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट, चोरी, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस अब मामले की विवेचना को आगे बढ़ाते हुए आरोपियों के अन्य आपराधिक संबंधों और गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
Hardoi, Hardoi | Jun 23, 2026