जनता दर्शन में पांच वर्षीय अंश की प्रतिभा देख प्रभावित हुए जिलाधिकारी, पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
देवरिया, 14 अक्टूबर।
जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचीं निधि के पांच वर्षीय पुत्र अंश की प्रतिभा देखकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी प्रभावित हुए। उन्होंने बच्चे की पढ़ाई-लिखाई पर विशेष ध्यान देने और उसकी प्रतिभा को निखारने पर जोर दिया।
जनता दर्शन के दौरान निधि अपने पुत्र अंश के साथ जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर मासूम अंश पर पड़ी। उन्होंने बच्चे से उसकी पढ़ाई-लिखाई और स्कूल जाने के संबंध में जानकारी ली।
बच्चे की प्रतिभा परखने के लिए जिलाधिकारी ने उसे कागज और पेन दिया तथा लिखने और विभिन्न रंगों की पहचान से संबंधित सवाल पूछे। अंश ने सभी प्रश्नों के सही उत्तर दिए। उसकी समझ और प्रतिभा देखकर जिलाधिकारी ने उसे होनहार बताया।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बच्चे की सराहना करते हुए कहा कि अंश प्रतिभाशाली है। उसकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि उसकी क्षमता का समुचित विकास हो सके।
#Deoria #DeoriaNews #जनतादर्शन #MadhusudanHulgi #DeoriaPost
Salempur, Deoria | Oct 14, 2026