#सुन्दरावली_हत्याकांड_मामला___
#पुलिस_कार्यवाही____
#तीन_आरोपी_गिरफ्तार___
#बृजनगर________
बृजनगर के गांव सुंदरावली गांव में चुनावी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष और हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी जांच और धरपकड़ की कार्रवाई को और अधिक तेज कर दिया है। उक्त मामले की गंभीरता को देखते हुए बृजनगर थाना पुलिस की अलग-अलग विशेष टीमों ने 18 नवंबर को गांव और आसपास के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश देकर तीन और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने सुंदरावली गांव के ही निवासी 48 वर्षीय बच्चू पुत्र ज्ञानसिंह, 50 वर्षीय गिरधर पुत्र रामजीलाल और 54 वर्षीय श्यामबिहारी पुत्र सुनहरी को गिरफ्तार करने सहित उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बृजनगर थाना पुलिस की इस नई सफलता के साथ ही सुंदरावली हत्याकांड में अब तक कुल 6 आरोपी पूर्व में ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि पुलिस टीम ने इससे पूर्व भी त्वरित कार्रवाई करते हुए सुंदरावली निवासी 50 वर्षीय गोपाल पुत्र मोहनलाल, 36 वर्षीय करनसिंह पुत्र सुनहरी और 44 वर्षीय शीशराम पुत्र ज्ञानसिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया था। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही पुलिस प्रशासन की नजर इस प्रकरण से जुड़े अन्य फरार आरोपियों पर टिकी हुई है, जिनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
Nagar, Bharatpur | Nov 20, 2026