जन अभियान परिषद् की नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न
बड़वानी 23 अक्टूबर 2026/मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद्,जिला बड़वानी द्वारा गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को वाल्मीकि कल्याण आश्रम, भीलखेड़ा रोड, बड़वानी में नवांकुर संस्थाओं की जिला स्तरीय त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के प्रत्येक विकासखंड से पांच-पांच नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की गई।
बैठक में विगत तीन माह के दौरान नवांकुर संस्थाओं द्वारा अपने-अपने प्रस्फुटन ग्रामों में किए गए सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की गतिविधिवार समीक्षा की गई। इस दौरान संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
जिला समन्वयक सुश्री ज्योति वर्मा ने आगामी तीन माह में किए जाने वाले कार्यों की कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी देते हुए सभी नवांकुर संस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में गतिविधियां पूर्ण करने तथा ग्राम विकास से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जन अभियान परिषद् के शासी निकाय सदस्य श्री विनोद मोहने, इंदौर तथा इंदौर संभाग समन्वयक श्री अमित शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। श्री विनोद मोहने ने नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए प्रस्फुटन समितियों की नियमित बैठकें, नवांकुर सखी योजना, पौधरोपण, आदर्श ग्राम एवं रोपणी सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि नवांकुर संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने तथा समाजहित के कार्यों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। मातृशक्ति को इन गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त ग्राम एवं विवादमुक्त ग्राम की परिकल्पना को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं। उन्होंने ग्राम स्तर पर सामाजिक समरसता, सहभागिता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान विकासखंड समन्वयक, ठीकरी श्री संजय सोलंकी द्वारा नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों को उनके द्वारा किए गए कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जन अभियान परिषद् के विकासखंड समन्वयक श्री रूपेश शर्मा, श्री संजय सोलंकी, श्री कमल बामनिया, श्री दारासिंह चौहान, श्री आपसिंग चौहान सहित जिले की विभिन्न नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में आगामी कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक गतिविधियों के विस्तार तथा ग्रामीण विकास में जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया गया।
Barwani, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026