जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याएं सुनकर एसपी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने सोमवार, 5 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की शिकायतें और समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित मामलों की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समयावधि में सुनिश्चित करने के साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अनिवार्य रूप से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर उन्हें न्याय और सुरक्षा का भरोसा दिलाना है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
एसपी ने कहा कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा, समस्याओं के समाधान और बेहतर पुलिसिंग के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
जनसुनवाई के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।