डीसीआरबी भवन में खलीलाबाद यूथ पार्लियामेंट का आगाज, युवाओं ने संभाला संवाद और नेतृत्व का मोर्चा
मुख्य अतिथि रोहित पांडेय व अंशिका पांडेय की मौजूदगी में शुरू हुआ आयोजन, मोहम्मद यूसुफ की अगुवाई में युवाओं को मिला लोकतांत्रिक मंच
खलीलाबाद, संतकबीरनगर। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक सोच और संवाद कौशल विकसित करने के उद्देश्य से खलीलाबाद के विकास भवन स्थित डीसीआरबी भवन में ‘खलीलाबाद यूथ पार्लियामेंट’ का आयोजन शुरू हो गया है। कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोहित पांडेय और अंशिका पांडेय की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। वहीं मोहम्मद यूसुफ, प्रेसिडेंट KYP-26, की अगुवाई में आयोजित यूथ पार्लियामेंट युवाओं को अपनी बात रखने, सवाल पूछने और विभिन्न विषयों पर तर्कपूर्ण संवाद करने का अवसर प्रदान कर रही है।‘Ideas | Dialogue | Leadership | Nation First’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में युवा संसद की कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक संवाद की बारीकियों को समझने के साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपने विचार प्रस्तुत कर रहे हैं।आयोजकों का उद्देश्य युवाओं को केवल मंच उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम में मीडिया टीम भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
विकास भवन के डीसीआरबी भवन में आयोजित यह यूथ पार्लियामेंट खलीलाबाद के युवाओं के लिए विचार और नेतृत्व की नई संभावनाओं का मंच बनकर सामने आई है। आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।