भगता में भालचंद यादव की सातवीं पुण्यतिथि पर उमड़ा जनसैलाब, राम प्रसाद चौधरी व राजेंद्र सिंह चौधरी,उपेंद्र मणि त्रिपाठी , आनन्द पासवान ने दी श्रद्धांजलि
राजधानी तक गूंजती थी भालचंद यादव के संघर्ष की आवाज : राम प्रसाद चौधरी
शोषित, पीड़ित और वंचितों की बुलंद आवाज थे भालचंद यादव : उपेंद्र मणि त्रिपाठी
संतकबीरनगर।। पूर्वांचल की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाने वाले दिवंगत पूर्व सांसद भालचंद यादव की सातवीं पुण्यतिथि पर रविवार को उनके पैतृक गांव भगता में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि देने के लिए बस्ती और गोरखपुर मंडल सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक, समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। सभा में उमड़े जनसैलाब ने भालचंद यादव के प्रति लोगों के जुड़ाव और सम्मान को फिर से सामने ला दिया।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उपेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि भालचंद यादव केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि शोषित, पीड़ित और वंचित समाज की बुलंद आवाज थे। उन्होंने हमेशा आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। उनका संघर्षशील व्यक्तित्व आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि वर्षों बाद भी जनता के बीच पूर्व सांसद के प्रति सम्मान और अपनापन कायम है।सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी ने कहा कि भालचंद यादव पूर्वांचल के गरीबों, पीड़ितों और मजलूमों की मजबूत आवाज थे। उनके संघर्ष और क्रांतिकारी तेवर की गूंज केवल संतकबीरनगर तक सीमित नहीं थी, बल्कि प्रदेश और देश की राजधानी तक उनके जनसरोकारों की चर्चा होती थी। उन्होंने कहा कि भालचंद यादव ने हमेशा कमजोर और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाई।
कबीर की धरती पर संघर्ष और विकास की प्रेरणा थे भालचंद यादव : राजेंद्र सिंह चौधरी
राजेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि कबीर की धरती पर भालचंद यादव का जीवन संघर्ष और विकास की प्रेरणा देता है। उन्होंने संतकबीरनगर को नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास किया और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया। उनका व्यक्तित्व और जनसेवा का अंदाज आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने पूर्व सांसद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके संघर्षों और जनसेवा को याद करते हुए वक्ताओं ने उनके विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। पूर्व सांसद के पुत्र सुबोध यादव ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे सभी अतिथियों, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गिरजेश यादव ने किया। श्रद्धांजलि सभा में आनंद पासवान, सपा के पूर्व विधान परिषद सदस्य संतोष यादव सनी, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, पूर्व जिलाध्यक्ष गौहर अली खान, पूर्व विधायक राजमणि पांडेय, प्रदेश सचिव नित्यानंद यादव, वरिष्ठ नेता केडी यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव, जिला उपाध्यक्ष असद महताब, श्याम सुंदर चौहान सिपाही, पूर्व विधायक अलगू चौहान, पूर्व प्रमुख राम आशीष यादव, वरिष्ठ नेता लाल बहादुर यादव, लालचंद यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमोद यादव, सपा नेत्री अंकिता बॉबी, आलोक यादव, सोनू, राहुल यादव बादल, मनीषा पासवान, शैलेंद्र यादव, महताब आलम बब्बू, जबीउल्लाह खान, बबलू चौधरी, उदयराज यादव प्रधान, अरविंद यादव पिंकू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरा माहौल भावुक नजर आया। समर्थकों ने कहा कि भालचंद यादव भले ही आज उनके बीच नहीं हैं, लेकिन जनहित के लिए उनके संघर्ष और जनता से उनके जुड़ाव की याद हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेगी।
#भालचंदयादव #पुण्यतिथि #संतकबीरनगर #भगता #पूर्वसांसद #श्रद्धांजलि #समाजवादीपार्टी #पूर्वांचल #उपेंद्रमणित्रिपाठी #रामप्रसादचौधरी #राजेंद्रसिंहचौधरी #आनंदपासवान #SantKabirNagar #BhalchandYadav