भरमौर में 1 से 15 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस, पंचायतों में लगेंगे जागरूकता शिविर।
एडीएम विकास शर्मा की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर बैठक, 15 नवंबर को विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी मुख्य आकर्षण
हिमाचल 84 टीवी भरमौर, 28
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में उपमंडल भरमौर में 1 से 15 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जनजातीय क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विभागीय जागरूकता शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को लघु सचिवालय भरमौर में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) भरमौर विकास शर्मा ने की।
बैठक में जनजातीय गौरव दिवस के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि विभिन्न विभाग अपने स्तर पर पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को विभागीय योजनाओं, सुविधाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करेंगे।
इस अभियान के तहत कृषि, बागवानी, मत्स्य, स्वास्थ्य, वन और आयुष विभाग सहित संबंधित विभागों की ओर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
15 नवंबर को प्रस्तुत किए जाएंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
जनजातीय गौरव दिवस के समापन अवसर पर 15 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरमौर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भरमौर और राजकीय महाविद्यालय भरमौर के विद्यार्थियों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार भरमौर तेज राम भारद्वाज, डीएफओ भरमौर रजनीश महाजन, बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता विवेक चंदेल, कृषि विषयवाद विशेषज्ञ जितेंद्र कुमार, बागवानी विषयवाद विशेषज्ञ मनोहर लाल, तहसील कल्याण अधिकारी विकास, सीडीपीओ मुनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।