कुठेहर परियोजना प्रभावितों का 7 दिन बाद धरना समाप्त, हक और रोजगार की मांग पर अब सबकी नजरें
कुठेहर परियोजना पर 7 दिन बाद धरना खत्म, सियासत तेज!
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर
चंबा में कुठेहर जल विद्युत परियोजना से प्रभावित परिवारों के अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के बाहर पिछले सात दिनों से चल रहा धरना शुक्रवार को समाप्त हो गया। पूर्व विधायक जियालाल कपूर और कंपनी प्रबंधन की ओर से संजीव राणा ने जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया।
धरना स्थल पर विधायक डॉ. जनक राज की गैरमौजूदगी पर उठे सवालों के बीच विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि वहां जो कुछ बोला गया या दूसरों से बुलवाया गया, वह सब सुनियोजित था।
विधायक ने कहा कि वह विधानसभा सदन में भी परियोजना प्रभावितों के अधिकारों का मुद्दा प्रमुखता से उठा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हमेशा प्रभावित परिवारों और क्षेत्र की जनता के साथ खड़े रहेंगे तथा उनके हकों की लड़ाई जारी रखेंगे।
हिमाचल 84 टीवी | आपकी नजर, हमारी खबर