*राजस्व वसूली में तेजी लाने एवं यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश*
नवादा जिला परिवहन पदाधिकारी रंजीत कुमार की अध्यक्षता में जिलांतर्गत कार्यरत सभी परिवहन प्रवर्तन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली अभियान में तेजी लाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर टैक्स डिफॉल्टरों की पहचान करने एवं उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया। शहरी क्षेत्रों में वाहन परिचालन तथा अंतरराज्यीय बस परिचालन में हो रही अनियमितताओं की प्रभावी जांच नहीं किए जाने पर सभी प्रवर्तन पदाधिकारियों को कड़ी हिदायत दी गई। साथ ही, उनके कार्यों का सूक्ष्मता से पर्यवेक्षण करने हेतु अपर जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
बैठक में सभी पदाधिकारियों के इस माह के निर्धारित लक्ष्य की भी समीक्षा की गई। निर्धारित कुल 109 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध लगभग 85 प्रतिशत अर्थात 92,29,450 रुपये का चालान 1,154 वाहनों के विरुद्ध अनियमित परिचालन के मामलों में निर्गत किया गया है। हालांकि, समेकित राजस्व वसूली की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई। बिना निबंधन के वाहन परिचालन करते पाए जाने पर कुछ वाहन विक्रेताओं को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा उनकी बिक्री आईडी लॉक करने की प्रक्रिया की जा रही है।
बैठक में आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। 16,000 से अधिक लंबित यातायात चालानों के निपटान हेतु पूर्व से आवश्यक तैयारियां करने का निर्देश दिया गया। लोक अदालत के माध्यम से लंबित यातायात चालानों के निपटान पर अधिकतम 50 प्रतिशत तक की छूट का प्रावधान है। इसके अतिरिक्त, परिवहन विभाग के स्तर से चालकों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।
सभी प्रवर्तन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शहरी क्षेत्रों में ई-रिक्शा एवं टेम्पो का परिचालन सुव्यवस्थित रखने हेतु लगातार जांच अभियान चलाएं। सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों (पिलियन राइडर) के लिए हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इस संबंध में नियमित जांच एवं नियमानुसार शमन की कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही, लंबित चालान वाले वाहनों की जांच कर चालान राशि जमा नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार वाहन जब्त कर स्थानीय थाने को सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया।
रजौली चेकपोस्ट पर कर संग्रहण तथा नियमों के उल्लंघन पर शमन की कार्रवाई में तेजी लाने हेतु करारोपण पदाधिकारी-सह-अपर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिव्य प्रकाश को क्षेत्र में सक्रिय रहकर कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अधीनस्थ प्रवर्तन अवर निरीक्षकों एवं चलंत सिपाहियों के कार्यों का कड़ाई से अनुश्रवण करने को कहा गया।
बैठक में लगातार जांच अभियान चलाकर सरकारी बसों एवं स्कूल वाहनों की जांच करने का भी निर्देश दिया गया। अनियमित एम्बुलेंस परिचालन एवं पार्किंग की जांच हेतु गठित परिवहन टीम को सभी प्रखंडों के अस्पतालों का भ्रमण कर जांच करने तथा निजी एम्बुलेंस में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति, सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन तथा वाहन परिचालन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से जांच अभियान चलाएं एवं लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करें।
Rajauli, Nawada | Nov 23, 2026