संडे ऑन साइकिल' अभियान: डीडवाना-कुचामन पुलिस ने सेहत और पर्यावरण के लिए निकाली साइकिल रैली, योग और जुम्बा से दिया फिटनेस का संदेश
डीडवाना।भारत सरकार के 'फिट इंडिया' अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए जिला पुलिस द्वारा एक अनूठी पहल की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में रविवार को संडे ऑन साइकिल अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित जिले के समस्त थानों पर पुलिस अधिकारियों, जवानों और आम नागरिकों ने साइकिल चलाकर स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को बेहतर बनाने का संदेश दिया।अभियान के तहत रविवार सुबह डीडवाना मुख्यालय पर एक विशाल साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों की यह रैली बच्छराज तिराहा से रवाना होकर मुख्य बाजार से होते हुए पुलिस लाइन पहुँची। रैली के माध्यम से पुलिस कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आमजन को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। रैली के दौरान फिट रहें-स्वस्थ रहें व पर्यावरण बचाओ-साइकिल अपनाओ जैसे संदेशों का प्रचार किया गया।साइकिल रैली के समापन के बाद पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने योग और प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का अभ्यास किया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पुलिस बल के लिए शारीरिक और मानसिक फिटनेस को बनाए रखने हेतु नियमित व्यायाम और खेलकूद के महत्व पर विशेष बल दिया।यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृत्ताधिकारी डीडवाना जेठू सिंह के सुपरविजन में जिले के सभी थाना स्तरों पर भी आयोजित किया गया। थानों के स्टाफ के साथ-साथ स्थानीय आम नागरिकों, युवाओं और छात्र-छात्राओं ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों को यातायात नियमों का पालन करने की भी समझाइश की। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने डीडवाना को फिट, हरित और जागरूक जिला बनाने का संकल्प लिया। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह अभियान भविष्य में भी प्रत्येक रविवार को निरंतर जारी रखा जाएगा ताकि फिटनेस के प्रति जागरूकता को और अधिक बढ़ाया जा सके।इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे, जिनमें शामिल हैं। हिमांशु शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीडवाना
जेठू सिंह वृत्ताधिकारी, डीडवाना
जोगेन्द्र सिंह, संचित निरीक्षक, पुलिस लाइन गरिमा चौधरी थानाधिकारी, डीडवाना श्रवण कुमार उप निरीक्षक, अपराध सहायक, एलओ पुलिस लाइन हवलदार मेजर तथा अन्य पुलिस अधिकारी व जवान मौजूद रहे।