*अधिकारी जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर जिले के विकास को दें गति: सांसद श्री पटेल*
---------
*लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) समिति की बैठक संपन्न*
----‐--
*दिशा समिति की बैठक में जल जीवन मिशन,धरती आबा अभियान और खरीफ खाद वितरण की हुई समीक्षा*
बड़वानी 19 जुलाई 2026/लोकसभा सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभागृह में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री बलवंत सिंह पटेल, कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, जिला पंचायत सीईओ,जनपद पंचायत पाटी के अध्यक्ष श्री थान सिंह पटेल, राजपुर अध्यक्ष श्रीमती अनिता खन्ना, ठीकरी अध्यक्ष श्री मनोहर, पानसेमल अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, नगर परिषद पानसेमल के अध्यक्ष श्री शैलेष रमेश भंडारकर सहित समिति के सम्मानित सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
*विभागीय योजनाओं और प्रगतिरत कार्यों की गहन समीक्षा*
बैठक में सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने मप्र जल निगम की पेयजल पाइपलाइन, 'धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान' के तहत स्वीकृत एवं प्रस्तावित कार्यों, और पंचायत व ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत आजीविका मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई), जनजातीय कार्य विभाग, वन विभाग, नगरीय निकाय, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं व निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की ।
*संवाद और समन्वय से विकास को दें गति*
लोकसभा सांसद श्री पटेल ने सभी विभागीय अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि अधिकारी अपनी विभागीय कार्ययोजना बनाकर कार्य करें और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जिले के विकास को गति दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 'दिशा' समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उप संचालक कृषि ने खरीफ 2026 के तहत कृषि, सहकारिता और राजस्व विभाग के समन्वय से लागू की गई 'ई-टोकन व्यवस्था' और संतुलित खाद वितरण के संबंध में जानकारी दी। इस पर सांसद ने निर्देश दिए कि विभाग जमीनी स्तर पर निरंतर संवाद बनाए रखे ताकि किसानों को नियमानुसार और समय पर खाद उपलब्ध हो सके और वितरण में उन्हें कोई परेशानी न आए।
मप्र जल निगम के अंतर्गत जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा के दौरान महाप्रबंधक ने बताया कि तलून खुर्द परियोजना का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं, सेगवाल-1 का 85% और सेगवाल-2 परियोजना का लगभग 75% कार्य पूरा हो चुका है, जिन्हें जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। सांसद ने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है जिससे जिले के 600 से अधिक ग्राम लाभान्वित होंगे। अतः कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण किया जाए ताकि लोगों को पेयजल आपूर्ति हो सके।
बैठक में नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण (एनवीडीए) के अंतर्गत जिले की विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा एलडीएम बड़वानी व उप संचालक कृषि को एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एआईएफ) के तहत प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाई, एमपीआरडीसी के तहत सड़क निर्माण व सुदृढ़ीकरण के कार्यों तथा सांसद निधि के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
31 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 19, 2026