विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
हरदोई। शुक्रवार को विकास भवन स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक विधायक बालामऊ एवं समिति अध्यक्ष रामपाल वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक सवायजपुर माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू की मौजूदगी में विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
अध्यक्ष रामपाल वर्मा ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ रोजगार, श्रम, कृषि और उद्यान विभागों को विकासखंड स्तर पर गोष्ठियां आयोजित कर लोगों को जागरूक करने को कहा। कन्या सुमंगला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा कराने तथा संबंधित जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने के निर्देश दिए। शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना में समय से आवेदन और पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड शीघ्र जारी कराने को भी कहा गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संस्कृति त्रिवेदी, पीडी अशोक कुमार मौर्य सहित संबंधित अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Bilgram, Hardoi | Sep 18, 2026