पीलीबंगा पुलिस ने 4.56 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त सहित दो तस्करों को किया गिरफ्तार, बाइक ज़ब्त
#लालबहादुर_भाखर #PoliceRajasthan #HmghPolice #RajasthanNews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पीलीबंगा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 560 ग्राम अवैध डोडा पोस्त और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नोहर) गीता चौधरी व वृत्ताधिकारी (रावतसर) विक्रम चौहान के सुपरविजन तथा थानाधिकारी रायसिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। गश्त के दौरान उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार मय टीम ने रेलवे फाटक के पास रावतसर रोड, रोही मण्डी पीलीबंगा क्षेत्र में मोटरसाइकिल (क्रमांक: RJ 31 SV 4878) पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका। तलाशी लेने पर उनके पास से 4 किलो 560 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ।
पुलिस ने तत्काल प्रभाव से मादक पदार्थ व बाइक ज़ब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुखासिंह (37 वर्ष) पुत्र महेन्द्र सिंह और गुरप्रीत सिंह उर्फ गौरी (22 वर्ष) पुत्र हरदयाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर 22, मण्डी पीलीबंगा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले का अग्रिम अनुसंधान उपनिरीक्षक वीरचन्द को सौंपा गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल मनोज कुमार (254), मनोज कुमार (822) एवं राजेन्द्र (316) शामिल रहे।