मध्य प्रदेश शासन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में स्वामित्व योजना अंतर्गत ग्रामीणों को उनके मकानो की रजिस्ट्री करवा कर वास्तविक रूप से मकान मालिक बना दिया है। अब ग्रामीणों की चिंता दूर हो गई है। यह बात मंदसौर तहसील अंतर्गत ग्राम अगोरिया मे आयोजित कार्यक्रम में सांसद द्वय श्री सुधीर गुप्ता तथा श्री बंशीलाल गुर्जर द्वारा अपने उद्बोधन में कही गई। इस अवसर पर ग्राम अगोरिया में स्वामित्व योजना की सुची के अंतिम व्यक्ति समरथ पिता भेरुलाल के 1700 स्क्वायर फीट एरिया में बने मकान की भी रजिस्ट्री की गई। अब उक्त गांव में सभी 80 रजिस्ट्रियां करवाई जाकर लक्ष्य अर्जित कर लिया गया है। इसके साथ ही मंदसौर तहसील के ग्राम साकलखेड़ा तथा रीन्दवा में भी शतप्रतिशत रजिस्ट्री कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कार्यक्रम में एसडीएम श्री शुभम पाटीदार तथा ग्राम पंचायत सरपंच श्री घनश्याम भी उपस्थित थे।
#Mandsaur
#मंदसौर
Mandsaur, Madhya Pradesh | Nov 6, 2026