त्योहारों की खुशियां आखिर बेजुबान जानवरों के लिए खौफ क्यों बनें? पटाखों के तेज धमाकों से जहां इंसानों को कुछ पल का रोमांच मिलता है, वहीं बेजुबान पशु-पक्षी डर और बेचैनी में आ जाते हैं। तेज आवाज के साथ पटाखों से निकलने वाला धुआं भी पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। त्योहार खुशियां बांटने और एक-दूसरे के साथ प्रेम बढ़ाने का अवसर हैं, न कि किसी जीव को डराने का। ऐसे में जरूरत है जिम्मेदारी के साथ उत्सव मनाने की। आखिर हमारी कुछ घंटों की खुशी किसी बेजुबान की परेशानी की वजह क्यों बने?