बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों की मरम्मत कार्य में तेजी लाएं- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में जनपद में बाढ़ से प्रभावित सड़कों एवं पुलियों के संबंध में समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों से बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों की संख्या, मरम्मत कार्य की प्रगति तथा पूर्ण किए गए कार्यों की जानकारी ली।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में बाढ़ से कुल 18 सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से 14 सड़कों को मोटरेबल करा दिया गया है तथा उन पर आवागमन संचालित हो रहा है। शेष चार सड़कों का कार्य भी कल तक पूर्ण करा लिया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 द्वारा बताया गया कि बाढ़ के कारण 39 सड़कें/पुलिया क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से 16 पर कार्य पूर्ण करा लिया गया है। इसके अतिरिक्त 10 ब्रीच में से 8 ब्रीच को ठीक करा दिया गया है तथा शेष 2 ब्रीच का कार्य तीन दिवस के भीतर पूर्ण करा लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों के लिए स्पेशल रिपेयर का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र मुख्यालय को प्रेषित किया जाए।
जिला पंचायत द्वारा अवगत कराया गया कि बाढ़ से दो सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं, जिनमें से एक सड़क की मरम्मत पूर्ण कराई जा चुकी है तथा दूसरी सड़क पर कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एनएच-35 के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भरतकूप एवं शिवरामपुर क्षेत्र में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि नगरपालिका के पास उपलब्ध सुपर शटर मशीन द्वारा जल निकासी कराई जाए। जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की भी प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराकर आवागमन सुचारु रखा जाए।
इसी प्रकार जिलाधिकारी ने एनएच-731 के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पहाड़ी में क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़क का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलियों के मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराकर आवागमन को सुगम एवं सुरक्षित बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे स्वप्नील यादव सहित लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।