बारिश का पानी स्कूल में घुसा, चारों कमरों में भरा पानी; बच्चे हुए परेशान
राजकीय प्राथमिक स्कूल पहाड़ीवाला (भगानी) में मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बारिश और सड़क का पानी स्कूल परिसर में घुस गया। देखते ही देखते स्कूल के चारों कमरों में पानी भर गया, जिससे बच्चों और स्कूल स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्कूल एसएमसी की अध्यक्ष वीना देवी, मुख्याध्यापिका रक्षा देवी तथा पंचायत प्रधान पृथ्वी चंद ने बताया कि सड़क की खराब हालत और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण बारिश का सारा पानी स्कूल की ओर आ गया। कमरों में पानी भरने से बच्चे परेशान हो गए और स्थिति को देखते हुए स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्कूल प्रबंधन और पंचायत प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाने के साथ-साथ पानी की निकासी के लिए उचित नालियां बनाई जाएं, ताकि बारिश के दौरान पानी स्कूल में न घुसे और बच्चों को भविष्य में ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।