जंसा में तीन घरों में मास्क लगाए चोरों ने बोला धावा, लाखों के जेवर पार
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के लहिया (जोगीबीर पाही) गांव में शुक्रवार की भोर लगभग 2- 3 बजे मास्क लगाए चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर सबसे पहले जमुना प्रसाद के मकान में पीछे के दरवाजे से दाखिल हुए। परिवार के कुछ सदस्य बाहर और बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे आभूषण पार कर दिए।
इसके बाद चोर छत के रास्ते चंद्रिका पटेल के मकान में पहुंचे। चोरी के दौरान उनकी बहू रंजना की नींद खुल गई। उसने शोर मचाया तो चोरों ने बॉक्स में रखे सोने की लॉकेट एवं पायल समेत पिस्टल दिखाकर सिवान की ओर भाग निकले।
वहीं, चोरों ने रामसूरत के मकान में रखे बक्से का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी भी पार कर दी। सूचना पर जंसा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही फारेंसिक टीम को घटना की जानकारी दी पुलिस ने मौके से एक पेचकस और टॉर्च बरामद की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वही पीड़ितों के अनुसार कुल लगभग 10से 12 लाख रुपए के आभूषण चोरों के हाथ लगे है।
Rajatalab, Varanasi | Sep 11, 2026