परमपुर में गदा जोड़ी का महासंग्राम, बाबा रामदेव और द ग्रेट खली के पहुंचने की संभावना
वाराणसी। आराजी लाइन विकासखंड के परमपुर में रविवार को दोपहर करीब 12 बजे क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गदा जोड़ी के महासंग्राम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में योग गुरु बाबा रामदेव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके प्रसिद्ध पहलवान द ग्रेट खली के भी पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय गदा जोड़ी के पहलवान अपनी कला, कौशल और शारीरिक दमखम का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
इस विशाल आयोजन का जिम्मा केशरी नंदन अखाड़ा, हरदासपुर की ओर से उठाया गया है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रीय लोगों और कुश्ती प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजकों द्वारा आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। बाबा रामदेव और द ग्रेट खली के संभावित आगमन को लेकर लोगों में विशेष उत्सुकता बनी हुई है। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है।
#LetestUpdate #VaranasiUpdate #letestअपडेट #LETESTNEWS 👇👇