देव दीपावली और लोटा-भंटा मेले की तैयारियों का विधायक ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी। रामेश्वर स्थित वरुणा घाट के किनारे सोमवार को रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल रामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मंदिर के महंत अनूप त्रिपाठी से मंदिर के धार्मिक महत्व और प्रसिद्ध लोटा-भंटा मेले के आयोजन के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने देव दीपावली और लोटा-भंटा मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को सफाईकर्मियों के माध्यम से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा वरुणा नदी में भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि लोटा-भंटा मेला कई दशकों से आयोजित होता आ रहा है। इसका अपना ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
#letestअपडेट #LetestUpdate #VaranasiUpdate #LETESTNEWS 👇👇